नरकटियागंज, 31 जुलाई: श्रावणी मेला 2026 के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने 05547/05548 नरकटियागंज–रक्सौल–नरकटियागंज द्वि-साप्ताहिक श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में समस्तीपुर मंडल ने आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है।
रेलवे के मुताबिक यह विशेष ट्रेन 1 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक संचालित होगी। 05547 नरकटियागंज–रक्सौल स्पेशल प्रत्येक गुरुवार और शनिवार को चलेगी, जबकि 05548 रक्सौल–नरकटियागंज स्पेशल प्रत्येक शनिवार और सोमवार को संचालित की जाएगी। इस अवधि में नरकटियागंज से 9 फेरे और रक्सौल से 10 फेरे लगाए जाएंगे।
यह सेवा 05545/05546 रक्सौल–देवघर श्रावणी मेला स्पेशल के रैक से संचालित होगी। ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए गए हैं और इसका प्राथमिक रखरखाव रक्सौल में होगा। पूरी ट्रेन का संचालन विद्युत इंजन से किया जाएगा, जिससे नरकटियागंज से देवघर तक यात्रियों को बिना किसी बदलाव के सुगम यात्रा की सुविधा मिलेगी।
समय-सारिणी
05547 नरकटियागंज–रक्सौल स्पेशल
- नरकटियागंज से प्रस्थान: रात 11:15 बजे (गुरुवार एवं शनिवार)
- रक्सौल आगमन: रात 12:20 बजे (शुक्रवार एवं रविवार)
इसके बाद यही रैक 05545 रक्सौल–देवघर श्रावणी मेला स्पेशल के रूप में रात 12:30 बजे रक्सौल से रवाना होगा और शाम 5:05 बजे देवघर पहुंचेगा। यह ट्रेन शुक्रवार, रविवार और मंगलवार को चलेगी।
वापसी में 05546 देवघर–रक्सौल श्रावणी मेला स्पेशल शाम 6:05 बजे देवघर से रवाना होकर अगले दिन सुबह 11:40 बजे रक्सौल पहुंचेगी। इसके बाद यही रैक 05548 रक्सौल–नरकटियागंज स्पेशल के रूप में सुबह 11:50 बजे रक्सौल से चलकर दोपहर 1:15 बजे नरकटियागंज पहुंचेगी।
सभी प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव
रेलवे ने बताया कि इस विशेष ट्रेन का ठहराव नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, भागलपुर, सुल्तानगंज सहित मार्ग के सभी निर्धारित स्टेशनों पर होगा। इससे छोटे और बड़े सभी स्टेशनों के यात्रियों को इस सेवा का लाभ मिलेगा।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस विशेष ट्रेन के संचालन से श्रावणी मेला के दौरान देवघर जाने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुगम होगी। वहीं, नरकटियागंज–रक्सौल रेलखंड के नियमित यात्रियों को भी अतिरिक्त ट्रेन सेवा का लाभ मिलेगा। चंपारण क्षेत्र के लोगों ने रेलवे के इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे लंबे समय से लंबित मांग की पूर्ति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

